
माणा हिमस्खलन में फंसे श्रमिकों का रेस्क्यू करते सेना के जवान।
राज्य प्रवक्ता
जनपद चमोली के माणा गांव के निकट हुए हिमस्खलन हादसे में लापता श्रमवीरों की तलाश के लिए चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन समाप्त हो गया है। इस हादसे में कुल 54 श्रमिक फंसे थे, जिनमें से 46 को सुरक्षित निकाला गया और षेश आठ की मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री पुश्कर सिंह धामी ने निधन पर दुखः जाहिर किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बहुमूल्य मार्गदर्शन और केंद्र सरकार का पूर्ण सहयोग मिला, जिसके परिणामस्वरूप यह अभियान त्वरित और प्रभावी रूप से संचालित हो सका। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में तत्परता के साथ मदद पहुंचाने के लिए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से केंद्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन, सेना, एसडीआरएफ सहित सभी बचाव दलों ने अदम्य साहस, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने श्रम वीरों को सुरक्षित निकालने के लिए अपनी पूरी ताक़त झोंक दी, जो अत्यंत सराहनीय है। धामी ने कहा कि वे खोज एवं बचाव दल के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हैं।